फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

भीम सेना शाखा खांडसा ने भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर के नेतृत्व में अम्बेडकर चौपाल एकलव्य ग्राम खांडसा से गुरुग्राम जिला न्यायालय तक संविधान बचाओ यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में भीम सेना शाखा खांडसा के सैंकड़ों भीम सैनिकों और हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार के भीम सैनिकों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया। गाड़ियों और बाइकों के काफिले के साथ डीजे के धुन पर थिरकते भीम सैनिकों ने धूमधाम से मनुस्मृति दहन दिवस मनाया और संविधान को बचाने की शपथ ली। भीम सेना चीफ नवाब सतपाल तंवर के लंबे काफिले के कारण दूर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

इस दौरान खांडसा से लेकर जिला न्यायालय तक पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक-चौबंद थी लेकिन ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था पूरी ना होने की वजह से भीम सेना चीफ नवाब सतपाल तंवर के काफिले से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई। हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए सेक्टर 37 थाना, शिवाजी नगर थाना, सिटी थाना और सिविल लाइन थाना कुल चार थानों की पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात दिखी। जिला न्यायालय पहुंचकर भीम सेना प्रमुख नवाब सतपाल तंवर ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ० भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भीम सैनिकों को संविधान बचाने की शपथ दिलाई। सतपाल तंवर ने बताया कि वे बहुत जल्द कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक संविधान बचाओ मशाल यात्रा की शुरुआत करेंगे।
