मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

भारत सरकार के द्वारा शहरों के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर चलाई जा रही सिटी ब्यूटीफिकेशन कांटेस्ट के तहत जनपद के सर्वेक्षण के लिए नामित RCUES के अपर निदेशक नसरुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम द्वारा 17 दिसंबर 2023 को नगर निगम में हेरिटेज, टूरिज्म श्रेणी में हनुमत धाम का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा सर्वेक्षण के मानकों के अनुसार सभी पैरामीटर्स की जांच कर उनकी फोटो, वीडियोग्राफी की गई साथ ही सत्यापन हेतु आवश्यक दस्तावेजों को एकत्र किया गया। अपर निदेशक महोदय द्वारा हनुमत धाम के निरीक्षण के दौरान स्थल के साज सज्जा, व्यवस्था एवं रखरखाव आदि पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। ज्ञात हो कि इस प्रतियोगिता के अंतर्गत अनेक पुरस्कार श्रेणियों में देश के विभिन्न निकायों द्वारा प्रतिभाग किया गया है, तथा पुरस्कारों की घोषणा जनवरी में होने की संभावना है। निरीक्षण के समय टीम के साथ उप नगर आयुक्त श्रीमती रश्मि भारती,नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज मिश्र, डीपीएम सैफ सिद्दीकी, RCUES से श्री अजय कुमार, हनुमत धाम प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री विनोद अग्रवाल तथा अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त टीम द्वारा नगर पंचायत कांट में ब्यूटीफुल वार्ड, जलालबाद में ब्यूटीफुल मार्केट स्पेस और खुदागंज में पार्क का निरीक्षण कर फोटो, वीडियोग्राफी कर आवश्यक दस्तावेज़ एकत्र किए गए। नगर निकायों में निरीक्षण के दौरान स्थानीय निकाय के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
