अरशद आब्दी, ब्यूरो चीफ, झांसी (यूपी), NIT:

जनपद में 01 जुलाई, 2023 से 31 जुलाई 2023 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 17 जुलाई से 31 जुलाई, 2023 तक दस्तक अभियान की अन्तर्विभागीय समीक्षा जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने करते हुए कहा कि अभियान की सफलता बनाए गए माइक्रो प्लान के अनुसार कार्य करने पर ही संभव है। उन्होंने अब तक किए गए कार्य पर संतोष व्यक्त किया और इसी संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्य किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि समस्त विभाग माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करना सुनिश्चित करें तो परिणाम बेहतर और सुखद मिलेंगे।
जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों के आसपास पानी एकत्र ना होने दें क्योंकि डेंगू साफ पानी में ही फैलता है। इसके साथ ही साथ साफ सफाई की समुचित व्यवस्था रखें। उन्होंने समस्त अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को खुले में रखे खाद्य पदार्थों को खाने को ना दें साथ ही लोगों को भी खुले में रखें खाद्य पदार्थों को ना खाने की जानकारी दें ताकि मलेरिया और डेंगू से अपना और परिवार का बचाव किया जा सके।
उन्होने अभियान से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासन के आदेशानुसार विशेष संचारी रोग नियत्रंण अभियान व दस्तक अभियान द्वारा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के साथ अभियान की सफलता शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। उन्होंने सहयोगी विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि अंतर विभागीय बैठक स्थानीय निकायों की संवेदीकरण बैठक ब्लाक स्तरीय ग्राम विकास अधिकारियों का संवेदीकरण ब्लॉक स्तर नोडल अध्यापकों का संवेदीकरण प्रत्येक दशा में पूर्ण करते हुए अभियान को सफल बनाएं, उन्होंने ताकीद करते हुए कहा कि किसी भी दशा में कार्य में शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने उपस्थित समस्त एमओआईसी को निर्देशित किया कि वर्षा काल में सांप के काटने एवं कुत्ता काटने के बचाव हेतु सभी सरकारी अस्पतालों में एंटी रेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के संबंध में भी निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान क्षेत्र के सीएससी/ पीएससी अवश्य खुले और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित रहे ताकि किसी की तबीयत बिगड़ने पर उसका समुचित इलाज किया जा सके।
उन्होने कहा कि अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 जुलाई से 31 जुलाई 2023 तक दस्तक अभियान को भी संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन आशाओं के माध्यम से वीएचएनडी सत्रों पर संचारी रोग संबंधी बैठक, टीकाकरण, दिमागी बुखार केस की निगरानी, उपचार एवं रोगियों हेतु निःशुल्क 108/102 की व्यवस्था की जाये और मलेरिया विभाग द्वारा लार्वारोधी गतिविधियां चलाई जाये तथा आवश्यकतानुसार फागिंग करायी जाये। नगरीय निकायों द्वारा समस्त वार्डाे में प्रतिदिन नाली, नालों की सफाई, कचरा निस्तारण फागिंग आदि कराने के साथ सभी वार्डाे में विशेष सफाई अभियान चलाकर पूर्व की भांति सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाये और वार्डवासियों को संचारी रोग के बचाव के लिए घर व आस-पास सफाई रखने के प्रति जागरूक भी करें।
बैठक में उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग द्वारा अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में फागिंग/छिड़काव एवं गांवों में विशेष सफाई अभियान के दौरान गलियों, नालियों आदि की सफाई, झाड़ियों की कटाई, संचारी रोग से बचाव हेतु ग्रामवासियों के साथ बैठक, प्रभात फेरी, जागरूकता रैली आदि का आयोजन किया जाये तथा पशु पालन विभाग द्वारा सूकर पालकों का चिन्हींकरण कर आबादी से दूर स्थापित करने हेतु प्रेरित करना और पोल्ट्री व्यवसाय के लोगों को संचारी रोग से बचाव तथा सफाई आदि के बारे में सूचित/संवेदीकृत किया जाये।
जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े समस्त अधिकारी कर्मचारियों को ताकीद करते हुए कहा कि कार्य में किसी भी तरह की शिथिलता अथवा लापरवाही ना होने पाए इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुधाकर पांडेय, सीएमएस डॉ पीके कटियार, एसीएमओ डॉ एनके जैन, सीएमएस मेडिकल कॉलेज डॉक्टर सचिन माहौर, डीपीआरओ श्री जेआर गौतम, जिला कृषि अधिकारी श्री के के सिंह सहित समस्त एमओआईसी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
