अब्दूल वहीद काकर, धुले (महाराष्ट्र), NIT;
मराठा क्रांति मूक मोर्चा के सदस्यों ने कोपर्डी बलात्कार मामले में आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग को लेकर रविवार को सुबह नगांव बारी देवपुर से मोटरसाइकिल रैली निकाली। रैली में महिलाएं सबसे आगे थीं। बाइक रैली नगांव बारी से साक्री रोड स्थित शिव तीर्थ तक निकाली गई।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि कोपर्डी बलात्कार के आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए और मराठा समाज को आरक्षण दिया जाए। अपनी इन मांगों को लेकर मराठा समाज बीते कई महीनों से प्रदर्शन कर रहा है। धुलिया में मराठा समाज मोटरसाइकिलों पर सवार होकर साक्री रोड स्थित छत्रपति शिवाजी प्रतिमा पहुंचा। बाइक पर केसरिया के साथ भगवा झंडा लगा कर सैकड़ों की तादाद में महिलाएं तथा युवाओं ने रैली में हिस्सा लिया । सकल मराठा समाज आयोजकों का दावा है कि रैली में 1,000 बाइक सवार शामिल थे।
ज्ञात हो कि कोपर्डी में एक नाबालिग मराठा लड़की की बलात्कार के बाद जघन्य हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दोषियों को फांसी की सजा की मांग से पूरा समाज एकजुट होता नजर आ रहा है। कोपर्डी के अलावा मराठा, अपने समाज के लिए आरक्षण, एट्रॉसिटी कानून की कथित खामियां दूर करने के साथ किसानों के हित में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने की बात भी मांग रहे हैं । इस दौरान सकल मराठा समाज से मुंबई मोर्चों में लाखों की संख्या में उपस्थित होने का आव्हान किया गया।
