मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

माता जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर सहजयोग आज का महायोग के मिशन को प्रचारित, प्रसारित करने और उनके संदेश को जन जन तक पहुंचाने के लिए संपूर्ण भारत में चैतन्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में इस चैतन्य रथ यात्रा का आज 24 जनवरी 2023 बुरहानपुर में दोपहर 12:00 आगमन हो रहा है।जानकारी देते हुए कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप प्रजापति ने बताया कि चैतन्य रथ यात्रा दोपहर 2:00 गणपति नाका से प्रारंभ होकर सिंधीपुरा गेट, बुधवारा चौराहा, फव्वारा चौराहा, बाई साहब की हवेली, राजघाट रोड से होकर जैनाबाद के रास्ते खड़कोड जाएगी और यहां भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न होगा। संस्था ने अपने मिशन को आगे बढ़ाने के लिए खड़कोद में जमीन खरीदी है। समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ मनोज मुदगल, अजय जोशी और सीनियर एडवोकेट राजकुमार मेहता ने माता जी के अनुयायियों से रथ यात्रा का तन्मयता के साथ स्वागत करने की अपील की है। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं संस्था के सदस्य राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सहजयोग पद्धति से मानव शरीर के अंदर के समस्त विकार को दूर करने और प्रकृति के अनुसार शांत जीवन व्यतीत करने की कला बताई जाती है। संस्था से जुड़ी पूर्व नारी शक्ति प्रमुख एवं समाज सेविका श्रीमती सुचिता राजकुमार मेहता ने बताया कि माता के रथ का बुधवारा चौराहे पर स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार मेहता के निवासित मकान पर विधि विधान से स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। श्रीमती सुचिता राजकुमार मेहता ने धर्म प्रेमी जनता से रथ यात्रा के संपूर्ण कार्यक्रम में सम्मिलित होने और इसका लाभ लेने की अपील की है।
