अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
आम आदमी पार्टी मप्र द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सरदार सरोवर बांध डूब प्रभावितों से मिलने और उनके हक की आवाज उठाने के लिए आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान डूब क्षेत्र में जायेंगे। वे 1 अगस्त को इंदौर आएंगे और वहाँ से डूब क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रदेश संयोजक श्री आलोक अग्रवाल व अन्य साथी भी साथ रहेंगे।
आम आदमी पार्टी बिना विस्थापन के हो रही इस डूब के खिलाफ लगातार आवाज़ उठा रही है। नर्मदा घाटी में बन रही अत्यंत गंभीर स्तिथि पर कल 28 जुलाई को प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व अन्य राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात की। यह निर्णय लिया गया कि गुजरात में भाजपा को जिताने के लिये शिवराज सिंह चौहान द्वारा मध्य प्रदेश के एक लाख लोगों की बलि नहीं देने दी जायेगी।
1 अगस्त से सरकार ने बिना पुनर्वास लोगों को पुलिस बल से हटाने का निर्णय लिया है। नर्मदा घाटी के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करने के लिये आम आदमी पार्टी “नर्मदा विस्थापित बचाओ, प्रदेश बचाओ” यात्रा निकलेगी और किसी कीमत पर विस्थापितों को बिना पुनर्वास डूबने नहीं दिया जायेगा।
