मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

आयुष विभाग, मध्य प्रदेश शासन भोपाल के आदेशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. कविता गढवाल के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत परिसर बहादरपुर में आयुष मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिस का शुभारंभ सरपंच, जिला आयुष अधिकारी व जनप्रतिनिधियों द्वारा धन्वंतरि भगवान के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. कविता गढ़वाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जनमानस तक आयुष विधा का प्रचार प्रसार करना है तथा नागरिकों को भारतीय चिकित्सा पद्धति की तीनों पैथी जैसे आयुर्वेद, होम्योपैथी व यूनानी चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक कर स्वास्थ्य लाभ दिलाना है। उसी के तारतम्य में गिलोय के पौधों का तथा जानकारी देकर पम्पलेट का वितरण किया गया।
शिविर में वातरोग, चर्मरोग, प्रतिश्याय, श्वास, कास, वात रोग, उदर रोग, अतिसार तथा महिलाओं से सम्बंधित स्त्री रोग आदि उपचार के साथ ही 38 रोगियों का शुगर भी चेक कर नि:शुल्क औषधियां दी गई। जिसमें आयुर्वेद पद्धति से 270, होम्योपैथी से 235 तथा यूनानी पद्धति से 229 कुल 734 रोगियो की चिकित्सा गई।
शिविर में आयुष विभाग के जिला आयुष अधिकारी डॉ कविता गढ़वाल, डॉ.शांतिलाल भीलावेकर, डॉ महेन्द्र सिंगोरिया, डॉ मिर्जा रेहान बैग, डॉ रुपाली गवले, राधाकिशन मुझालदे, वसीम बैग, कमल राठौर, विजया दवे, किरण वाने तथा सरपंच वंदना विजय उमाले, डॉ प्रमोद चौहान तथा ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।
