मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

एसपी श्री राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में लालबाग़ पुलिस द्वारा वर्ष 2020-21 के दौरान ज़िला अस्पताल बुरहानपुर में बड़े पैमाने पर की गई शासकीय राशि के ग़बन के प्रकरण में गंभीरता व सूक्ष्मता से विवेचना के दौरान तत्कालीन जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम वर्मा को गिरफ़्तार किया है। डॉ. विक्रम वर्मा फिलहाल में झाबुआ में जिला स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ है। आरोपी डॉ. विक्रम वर्मा द्वारा वर्ष 2020-21 में कोरोना महामारी के दौरान तत्कालीन सिविल सर्जन डॉ.शकील अहमद खान, आरएमओ. डॉ.प्रतीक सुरेश नवलखे व सीएमएचओ कार्यालय के जिला लेखा प्रबंधक सुशांत जीभेनकर के साथ साठगांठ कर शासकीय राशि का ग़बन किया गया था। उन के द्वारा शासकीय मद में आई राशि नोटशीट तैयार करवाकर सीएमएचओ कार्यालय के माध्यम से रोगी कल्याण समिति के खाते में षड्यंत्र पूर्वक स्थानांतरित की गयी। आरोपी डॉ.विक्रम वर्मा ने अपने पद का दुरूपयोग कर शासकीय राशि की हेराफेरी कर निजी उपयोग में लिया। पुलिस द्वारा आरोपी डॉ. विक्रम वर्मा से उसके द्वारा ग़बन की गई राशि से अर्जित संपत्ति के संबंध में पूछताछ की जा रही है। धोखाधड़ी पूर्वक ग़बन की गयी राशि और उससे खरीदी गयी सम्पत्ति जप्त की जाएगी। प्रकरण में पुलिस द्वारा अभी तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ़्तारी की जा चुकी है। गिरफ़्तार आरोपियों से करीबन साढ़े चार करोड़ की नगदी और संपत्ति जप्त की जा चुकी है।
