राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर धारदार हथियारों से मारपीट की घटना को अंजाम दिया। मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को डायल हंड्रेड की सहायता से देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम डुंगरिया में बीते रोज सोमवार की रात्रि करीब 9:00 बजे दो पक्षों में गांव के मंदिर की शासकीय जमीन पर कब्जा करने को लेकर विवाद हो गया। जिसमें आरोपित राजू पटेल, मुकेश पटेल सहित पटेल समाज के अन्य लोगों ने ठाकुर समाज के करीब 3 लोगों पर धारदार हथियार कुल्हाड़ी और कतरने से हमला कर दिया जिसमें ग्राम कंजेरा निवासी वीरेंद्र राजपूत, अशोक ठाकुर, बाबू सींग ठाकुर को हाथ, सिर व पीठ पर गंभीर चोटें होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है. थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर धारा 307 का मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
