यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

महाराजा उदय भान सिंह राजकीय माध्यमिक विद्यालय इन्फेंट स्कूल में वार्षिक उत्सव, पूर्व छात्र मिलन एवं पुरुस्कार वितरण समारोह नगर परिषद सभापति खुशबू सिंह के मुख्य आथित्य में आयोजित हुआ। सभापति खुशबू सिंह ने कहा कि समाज व देश के विकास में शिक्षित बालिकाओं का अहम योगदान है। बालिकाओं के शिक्षित होने से उसकी रोशनी से दो घर रोशन होते है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां ही देश का भविष्य हैं, आज बेटियां हर क्षेत्र में तरक्की का नया अध्याय लिख रही हैं। आप लोगों को आने वाले समय में अपना लक्ष्य निर्धारित करके अपनी पढ़ाई करनी चाहिए। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पार्षद रहीस सामी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य है,इन्हें सही तरीके से तराशा जाए तो ये बच्चे समाज एवं देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेन्द्र डागुर ने की। इसके पश्चात मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया तथा पूर्व छात्रों का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर पाराशर सर, बबीता, केशव राणा, चंद्रमोहन त्रिवेदी, पुरुषोत्तम शर्मा, प्रधानाध्यापक सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
