गुलशन परूथी, ब्यूरो चीफ, दतिया (मप्र), NIT:

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय कुमार ने त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन कार्य को संपादित कराए जाने हेतु नियुक्त किए गए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसरों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निग अफसरों की अहम भूमिका है अतः सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निष्पक्ष, पारदर्शिता एवं स्वतंत्र पूर्वक कार्य संपादित करें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगे।
कलेक्टर ने सभी रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पूरी गंभीरता पूर्वक अध्ययन करें। कलेक्टर ने मंगलवार को त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। न्यू कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कमलेश भार्गव सहित त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन हेतु नियुक्त किए गए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर आदि उपस्थित थे।
