मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 12 में जलभराव से वार्ड वासियों का जीना दूभर है. वार्ड के कई लोग बीमारी के चपेट में हैं. समस्या के निदान हेतु एसडीएम सीएमओ नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया था उसके बाद भी जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका जिसको लेकर वार्ड वासियों में खासा रोष व्याप्त है| चंद्रशेखर स्कूल के सामने वार्ड क्रमांक 12 में लोगों के घरों का गंदा पानी एकत्रित होकर तलैया का रूप धारण कर लिया है जिसमें भैंसे, सुअर बैठकर और गंदगी बढ़ा रहे हैं जिसके कारण वार्ड में संक्रामक बीमारी फैलने की प्रबल संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं.

जलभराव एवं गंदे पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को दुर्गंध का भी हमेशा सामना करना पड़ रहा है जिससे वार्ड के नागरिकों को अपने घरों में रहना भी मुश्किल महसूस हो रहा है. उपरोक्त समस्या के लिए वार्ड के पार्षद को भी वार्ड वासियों ने कई बार निवेदन कर चुके हैं उसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है. जलभराव एवं गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था एक-दो दिन में नहीं की गई तो स्थानीय वार्ड वासी सीएम हेल्पलाइन में अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे.
