गहलोत सराकार के प्रयासरत रहने से निवेशकों के लिये राजस्थान प्रदेश अनुकूल बना | New India Times

अशफाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

गहलोत सराकार के प्रयासरत रहने से निवेशकों के लिये राजस्थान प्रदेश अनुकूल बना | New India Times

मुख्यमंत्री गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के प्रयासों से राजस्थान निवेश के लिए सर्वाधिक अनुकूल राज्य के रूप में उभर रहा है। सरकार के नीतिगत फैसलों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की बेहतर स्थिति, अच्छी सड़कें, ऊर्जा में आत्मनिर्भरता, पर्याप्त मात्रा में कच्चे माल की उपलब्धता, सुदृढ़ आधारभूत ढांचे के कारण दुनिया की नामी कंपनियां राजस्थान में निवेश के लिए रूचि दिखा रही हैं। राज्य सरकार भी यहां आने वाले उद्योगों को भरपूर प्रोत्साहन देगी।
मुख्यमंत्री गहलोत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विश्व की प्रमुख ग्लास निर्माता कंपनी सेंट गोबेन के प्रदेश में निवेश के विस्तार के प्रस्ताव के संबंध में बैठक को संबोधित किया। सेंट गोबेन जैसी प्रतिष्ठित कंपनी द्वारा राजस्थान में भिवाड़ी स्थित प्लांट में अभी तक करीब 1200 करोड़ रूपए के सफल निवेश के बाद निवेश में विस्तार का प्रस्ताव देना यह सिद्ध करता है कि राजस्थान के प्रति अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों में भरोसा कायम हुआ है। उद्योगों के लिए एमएसएमई एक्ट, रिप्स-2019, नई उद्योग नीति, वन स्टॉप शॉप सिस्टम जैसे नीतिगत फैसले लिए गए हैं।
निवेश में विस्तार के सेंट गोबेन के निर्णय का स्वागत है, राज्य सरकार की ओर से उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। सेंट गोबेन के निवेश विस्तार से कोविड-19 की विषम परिस्थितियों में भी औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को सुगम बनाने के लिए नियमों एवं प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया है। बड़े उद्योगों की स्थापना के प्रस्तावों को त्वरित मंजूरी देने के लिए बोर्ड ऑफ इंवेस्टमेंट का गठन किया गया है। बोर्ड की पहली ही बैठक में 78 हजार करोड़ रूपए के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
उद्योग राज्यमंत्री अर्जुन बामनिया ने कहा कि राज्य में सेरेमिक उद्योगों की स्थापना के लिए प्रचुर मात्रा में खनिज संसाधन उपलब्ध हैं। इसका लाभ सेंट गोबेन को मिलेगा।
मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने कहा कि कोरोना के इस समय में सेंट गोबेन सहित प्रदेश के अन्य उद्योगों से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप मे राज्य सरकार को अच्छा सहयोग मिल रहा है। रीको के अध्यक्ष कुलदीप रांका ने कहा कि सेंट गोबेन ग्लास निर्माण के क्षेत्र में विश्व की प्रमुख कंपनी है। एक दशक के समय में ही निवेश के विस्तार के लिए इतनी बड़ी कंपनी का आगे आना प्रदेश के लिए सुखद है। सेंट गोबेन इंडिया के सीईओ श्री बी संथानम ने कहा कि राजस्थान में बीते करीब 11 सालों का उनका अनुभव शानदार रहा है। इसी का परिणाम है कि कंपनी ने इतने कम समय में ही भिवाड़ी को करीब 1100 करोड़ रूपए के निवेश विस्तार के लिए चुना है। उन्होंने बताया कि श्री गहलोत ने अपने पिछले कार्यकाल के समय वर्ष 2010 में भिवाड़ी प्लांट का शिलान्यास किया था। राज्य में इंवेस्टर फ्रेंडली माहौल का ही नतीजा है कि विश्व स्तरीय कॉन्क्लेव में भिवाड़ी प्लांट को हमारा औद्योगिक समूह सफल मॉडल के रूप में प्रदर्शित करता है। इससे अंतर्राष्ट्रीय उद्यमियों के बीच राजस्थान के लिए सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान में कोविड-19 के सफल प्रबंधन की खुलकर तारीफ की।
रीको के एमडी एवं उद्योग सचिव आशुतोष एटी पेडनेकर ने बताया कि सेंट गोबेन का भिवाड़ी प्लांट कंपनी का विश्व स्तरीय प्लांट है। इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव वित्त श्री अखिल अरोरा, आयुक्त उद्योग एवं निवेश संवर्धन ब्यूरो श्रीमती अर्चना सिंह, सेंट गोबेन के ग्लास बिजनेस के एमडी श्री ए.आर. उन्नीकृष्णन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.