फराज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ, बहराइच (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश की बहराइच पुलिस पर थाना दरगाह क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला निवासी युवक ने थर्ड डिग्री टॉर्चर के बाद जबरन शादी कराने का गम्भीर आरोप लगाया है। वहीं इन आरोपों को पुलिस ने सिरे से नकार दिया है। इस दौरान मौजूद वधू पक्ष की ओर से आरोपों को बेबुनियाद बताया गया है। जबकि शादी के मंडप में बिठाए गए युवक ने अपने गुप्तांग को दिखाते हुए बताया कि उस पर बर्बरता की सारी हदें पार कर जमकर लाठियां थाना दरगाह में बरसाई गई हैं जिसके बाद उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया है। युवक ने बताया कि उसे उसके घर से उठाकर थाना दरगाह पुलिस थाने ले गई। जहां उसे थर्ड डिग्री टॉर्चर देकर यातनाएं दी गईं जिसके बाद उसे जबरन शादी करने के लिए शहर के प्रसिद्ध मंदिर पुलिस द्वारा पहुंचाया गया। जहां पहले से वधू पक्ष मौजूद था। इस दौरान युवक के परिजनों ने भी बहराइच की थाना दरगाह पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं थाना दरगाह पुलिस का कहना है कि उस पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। हालांकि मंदिर परिसर से शादी के दौरान पुलिस मीडियाकर्मियों के पहुंचने के बाद युवक को लेकर एक बार फिर थाने पहुंची है। जहां अब उसके विरूद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की बात बताई गई है। बड़ा सवाल यह उठता है कि अभी तक युवक के विरुद्ध थाने में कोई तहरीर पहले से किसी पक्ष ने दी थी तो सुबह से ही युवक को उसके घर से हिरासत में लेने के बाद युवक के ऊपर मुकदमा दर्ज कर उसे समय से जेल क्यों नहीं भेजा गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार थाना दरगाह क्षेत्र अंतर्गत गुल्लाबीर मंदिर में थाना दरगाह क्षेत्र अंतर्गत सलारगंज निवासी युवक ने थाना दरगाह प्रभारी पर थर्ड डिग्री टॉर्चर देने के बाद ज़बरन शादी कराने का आरोप लगाया है। युवक ने बताया कि थाना दरगाह पुलिस ने उसे बुधवार सुबह 11 बजे ही उसके घर से हिरासत में लिया था जिसके बाद उसे लेकर थाना दरगाह शरीफ पहुंचे जिसके बाद उसे थर्ड डिग्री टॉर्चर देकर यातनाएं दी गईं और थाना दरगाह क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला निवासी युवती से शादी करने के लिए जबरन थाना दरगाह क्षेत्र अंतर्गत कुलबीर मंदिर में पहुंचाया गया। इस दौरान वर पक्ष की ओर से युवक की मां गुल्लाबीर मंदिर पहुंची। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को फंसाया जा रहा है और यह शादी मंदिर परिसर में कुछ सफेदपोश धारियों व थाना दरगाह पुलिस द्वारा थर्ड डिग्री टॉर्चर देने के बाद जबरन कराई जा रही है। वहीं इस दौरान वधू पक्ष की ओर से वधू की मां ने बताया कि युवक उसी मोहल्ले में रहता है और उसकी पुत्री व युवक एक दूसरे के संपर्क में थे। ऐसे में युवक लड़की को शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत कार्य किया है और अब युवती 6 माह की गर्भवती है। वहीं दूसरी ओर युवक ने आरोप लगाया कि युवती का संपर्क किसी अन्य व्यक्ति से है और उसे साजिशन फंसाया जा रहा है। शादी के बीच वर एवं वधू पक्षों में चल रही तू तू मैं मैं के बीच गुल्लाबीर मंदिर पहुंची थाना दरगाह पुलिस युवक को दोबारा हिरासत में लेकर थाना दरगाह ले गयी। इस दौरान पुलिस ने थर्ड डिग्री टॉर्चर कर जबरन शादी कराए जाने की बात को सिरे से नकारते हुए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। पुलिस ने बताया कि युवक पर लड़की की ओर से दी गई तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है जबकि सुबह 11 बजे से युवक को हिरासत में लेने के बाद थानां दरगाह पुलिस ने उसे जेल क्यों नही भेजा और 11 बजे सुबह से हिरासत में लिया गया युवक थाना दरगाह क्षेत्र स्थित गुल्लावीर मंदिर शादी करने के लिए कैसे पहुंचा। फिल्हाल इन सवालों पर थाना दरगाह पुलिस मौन धारण किए हुए है।
