जितेंद्र वर्मा, हरदा ( मप्र ), NIT;
हरदा जिले के ग्राम रहटगांव में वन विभाग की टीम ने हरदा-बैतूल जिले की सीमा के पास एक खेत में बने टप्पर से 65 हजार रुपए कीमत की अवैध सागौन लकड़ी जब्त की है। लकड़ी को भूसे में दबाकर रखा गया था। वनग्राम डेबराबंदी में की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बोरपानी रेंजर आरआर अटल ने बताया कि डेबराबंदी गांव के नजदीक 25 नग सागौन चरपट एक खेत के टप्पर में भूसे में छिपाकर रखी हुई थीं। मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान 1.345 घन मीटर लकड़ी बरामद हुई। इसका बाजार मूल्य करीब 65000 रुपए है। लकड़ी जब्त की गई। वहीं आरोपी फरार है। कार्रवाई में डिप्टी रेंजर जुगल किशोर अंडारिया, नारायण राव, राजेश बंसल, मोनू आदि शामिल थे।
