रहीम शेरानी, गुना/भोपाल (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश के गुना जिले की एंट्री माफिया सेल ने गुना शहर में दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए नगरपालिका के आमोद पार्क की 50 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा कर खेती करने वाले सरकारी स्कूल के हेड मास्टर अजब सिंह यादव की फसल को जेसीबी और ट्रैक्टर से रौंद डाली। इस कार्यवाही की चारों और प्रशंसा की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि भू माफियाओं पर कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पिछले दिनों भोपाल में हुई बैठक में पुलिस प्रशासन को फ्री हैंड दे दिया है, इसके बाद मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों और महानगरों के साथ आंचलिक क्षेत्रों में भी भू-माफियाओं के अवैध निर्माण को नेस्तनाबूद किया जा रहा है।
इस निर्णय के बाद अब लोग भी अपनी समस्याओं और अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर पुलिस प्रशासन के पास पहुंच रहे हैं। इससे अब माफियाओं के अवैध निर्माण के मामले बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं।
इसी सिलसिले में सरकारी जमीन पर से भी कब्जे हटाए जा रहे हैं।
एसडीएम शिवानी गर्ग खुद जेसीबी और ट्रैक्टर चलाकर 50 बीघा जमीन पर खड़ी धनिया, गन्ने, चने की फसल को रौंद दिया। लगातार सात घंटे तक चली अतिक्रमण हटाओ मुहिम से सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर तार फेंसिंग कर दी गई। अब इस जमीन पर नगरपालिका के वाहन खड़े होंगे।
कलेक्टर ने भू-माफिया हेडमास्टर को सेवा से पृथक करने के निर्देश जारी किए हैं। हेड मास्टर और उसके परिवार के जयसिंह रणधीर सिंह यादव, जितेंद्र सिंह यादव का इस 50 बीघा सरकारी जमीन पर 35 साल से कब्जा था और वे फसल की पैदावार ले रहे थे।
