संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने अंतर्राज्यीय बस अड्डे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर निगम के अमले को निर्देश दिए कि बसों के रूकने के स्थान पर एकत्रित पानी को तत्काल साफ कराया जाए, जिससे यात्रियों को बसों तक पहुँचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने इस दौरान बस स्टैण्ड पर बने दो आश्रय स्थल को महिला एवं पुरूषों के लिए पृथक-पृथक संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इनमें साफ-सफाई के साथ-साथ महिला आश्रय स्थल में महिला अटेण्डेंट की व्यवस्था करें साथ ही इन आश्रय स्थलों में महिला एवं पुरूषों के अलग-अलग बोर्ड भी लगाए जाऐं। इन आश्रय स्थलों में ठहरने वाले यात्रियों की भी पूर्ण जानकारी रखी जाए। कलेक्टर ने बस अड्डे पर दुपहिया वाहनों के रखने हेतु बनाए गए वाहन स्टैण्ड पर कार्यरत कर्मचारियों को यूनीफार्म पहनकर कार्य करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। साँई नगर की गली में नागरिकों द्वारा पानी न पहुँचने की शिकायत को कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के अमले को गली में आसानी से पानी पहुँच सके, इसके लिए बूस्टर एवं राइजर लगाने के भी निर्देश दिए।
