अरशद आब्दी, ब्यूरो चीफ, झांसी (यूपी), NIT:

प्राथमिक विद्यालय खिरकन में शासन की महत्वाकांक्षा योजना के तहत निःशुल्क स्कूल बेग व जूता-मोजा वितरित किया गया। प्रधानाचार्य अब्दुल नोमान नें विद्यालय में बच्चों को उक्त सामग्री वितरित की। साथ ही राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई गई। बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए यह कार्यक्रम प्रदेश के 57 जनपदों में चलाया जा रहा है। इसमें झांसी भी शामिल है। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, पंचायती राज, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन, प्राविधिक शिक्षा सहित अन्य विभागों के संगठित प्रयासों से इसे संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष कृमि मुक्ति दिवस मनाते हुए नोमान लगातार छात्र/छात्राओं के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देते आए हैं। लगातार प्रयास का परिणाम यह रहा है कि बच्चे स्वच्छता के प्रति पहले से अधिक सजग रहते हैं। विद्यालय में वैक्सीन लगना हो या दवाई खिलाई/पिलाई जानी हो, प्रधानाचार्य नोमान द्वारा बच्चों में व्याप्त भय को दूर करने का कार्य किया जाता है। इससे बच्चे सहज रूप से इन गतिविधियों में सहयोग करते हैं।
