मनपा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर-नर्स नदारद, गरीब मरीज भटकने को मजबूर | New India Times

शारिफ अंसारी, ब्यूरो चीफ, थाना (महाराष्ट्र), NIT:

मनपा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर-नर्स नदारद, गरीब मरीज भटकने को मजबूर | New India Times

भिवंडी मनपा क्षेत्र अंतर्गत पदमानगर स्थित मनपा स्वास्थ्य केंद्र में समय से डॉक्टर, नर्स न होने से क्षेत्र के गरीब मरीजों को इलाज में भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर कभी समय पर नहीं आते जिससे उन्हें जांच सहित उपचार में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गरीब मरीजों द्वारा शिकायत के बाद भी मनपा प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं देता है।

गौरतलब है कि, भिवंडी मनपा द्वारा नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर शहर के विभिन्न गरीब मजदूर बहुल क्षेत्रों में 15 स्वास्थ्य केंद्र चलाए जा रहे हैं। मनपा द्वारा संचालित किए जा रहे स्वास्थ्य केंद्रों पर गरीब मजदूरों को मुफ्त जांच सहित उपचार की सुविधा मुहैया कराने का दावा मनपा प्रशासन करता है। पद्मानगर स्थित मनपा स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर, नर्स की नियमित उपलब्धता न होने से क्षेत्रीय निवासियों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्रीय निवासी रामशरण, शिवाकांत, समीर व पूजा, एलापल्ली आदि ने बताया कि, विगत 3 माह से स्वास्थ्य केंद्र में कोई डॉक्टर नियमित नहीं आ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में तैनात नर्सिंग स्टाफ कामचलाऊ तरीके से उपचार कर रही हैं जिसका कोई फायदा मरीजों को नहीं मिलता है। स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य केंद्र का दरवाजा सुबह 10 बजे खोल कर इधर उधर निकलकर टाइमपास व गप्पबाजी करती हैं। हैरतअंगेज तथ्य यह है कि निरीक्षण करने पर पदमा नगर स्थित उपचार केंद्र में सिर्फ खाली कुर्सियां व दरवाजा खुला मिला व बिजली के पंखे चलते हुए दिखाई पड़े पर स्वास्थ्य केंद्र में कोई भी मनपा स्वास्थ्य कर्मी के दर्शन नहीं हुए। उपचार हेतु बाहर खड़े मरीजों ने बताया कि, मनपा स्वास्थ्य केंद्र का काम रामभरोसे चल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर के दर्शन कभी-कभार हो जाएं तो गनीमत समझिए। पदमा नगर क्षेत्र स्थित मनपा स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर जयवंत धुले की तैनाती मनपा प्रशासन द्वारा की गई है लेकिन वे मनपा मुख्यालय छोड़कर मनपा स्वास्थ्य केंद्र पर आने की जहमत ही नहीं उठाते। गरीब मरीज दुख भोंगे तो भोंगें, लापरवाह डॉक्टर जयवंत धुले को तो हजारों रुपए वेतन आसानी से मिल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु आये लेकिन डॉक्टर, नर्स न होने से बेहद आक्रोशित गरीब मरीज़ों ने मनपा आयुक्त मनोहर हिरे से ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे डॉ जयवंत धुले सहित नर्सिंग स्टाफ को तत्काल निलंबित किए जाने की मांग की है।

By nit