हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

सीतापुर जिला के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में दो परिवारों पर कुदरत का कहर टूटा। मिश्रिख में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक व एक महिला की जान चली गई जबकि पांच बच्चे घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली मिश्रिख के ग्राम तेलियानी निवासी मोनू मौर्य पुत्र विश्वेश्वर 17 वर्ष जो हाई स्कूल का छात्र था वह अपने ही घर में टीन के नीचे पढाई कर रहा था कि अचानक आकाश से बिजली उसकी टीन सेड पर गिरी जिससे मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना ग्राम अकबरपुर में जिन्दबाबा की मजार पर अपने सुपुत्र का मरचटना करवाने श्रीमती पूजा दीक्षित पत्नी सुनील ग्राम दधनामऊ उम्र 24 वर्ष के ऊपर बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई और मृतका के 4 माह के पुत्र बेबी व रंजना पत्नी सुशील 30 वर्ष दधनामऊ घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस द्वारा दोनों शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।

उधर परसेंडी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत उदनापुर कला विकासखंड परसेंडी जनपद सीतापुर में करीब 5 बजे आकाशीय बिजली गिरने से 5 बच्चे जख्मी हो गए हैं जिसमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल बच्चों में बादल पुत्र उत्तम वर्मा उम्र 10 वर्ष, राहुल पुत्र अंबुज वर्मा उम्र 8 वर्ष, अमित पुत्र प्रदीप वर्मा उम्र 7 वर्ष, गोल्डी पुत्र संजय वर्मा उम्र 7 वर्ष, देशराज पुत्र जगदंबा प्रसाद वर्मा उम्र 8 वर्ष शामिल हैं। यह सभी बच्चे गांव के बाहर एक मैदान में खेल रहे थे कि हल्की हल्की बूंदाबांदी होने लगी लेकिन बच्चे अपने खेल में मगन थे कि उसी दौरान आकाशीय बिजली बादलों की गड़गड़ाहट के साथ गिरी और बच्चे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जख्मी हो गए। गांव वालों को इसकी सूचना मिली तो गांव के ग्राम प्रधान राजेश वर्मा ने अपने वाहन से बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में हो रहा है।
