संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ ग्वालियर (मप्र), NIT:

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15 ग्वालियर की एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वेड) टीम द्वारा छापामार कार्रवाई कर नौ गजा रोड पर एक वाहन से एक मुश्त 11 लाख 74 हज़ार रुपए से अधिक संदिग्ध कैश धनराशि जब्त की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक कुमार वर्मा ने मीडिया को बताया कि पुलिस थाना इंदरगंज के अंतर्गत नौ गजा रोड पर एफएसटी द्वारा एक आई टेन गाड़ी की चैकिंग की गई। इस वाहन में यह धनराशि बरामद हुई। गाड़ी में मौजूद श्री अनिल यादव पुत्र छन्नू लाल यादव से जब इस धनराज के संबंध में पूछताछ की गई तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। न ही इस धनराज के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए। टीम ने इस धनराशि को जप्त कर आयकर विभाग को सूचित कर दिया है । साथ ही अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में धन के अवैध परिवहन को रोकने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
