आम आदमी पार्टी का किसानों, बिजली व बेरोजगारी के मुद्दे पर अनिश्चितकालीन अनशन पांचवें दिन भी जारी, प्रदेश संयोजक समेत चारों अनशनकारियों की हालत बिगड़ी, प्रशासन ने कराया मेडिकल परीक्षण | New India Times

अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT; ​आम आदमी पार्टी का किसानों, बिजली व बेरोजगारी के मुद्दे पर अनिश्चितकालीन अनशन पांचवें दिन भी जारी, प्रदेश संयोजक समेत चारों अनशनकारियों की हालत बिगड़ी, प्रशासन ने कराया मेडिकल परीक्षण | New India Timesआम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल एवं तीन अन्य नेताओं धनीराम भाई, बसोरी लाल यादव और अशोक शाह धुर्वे का किसानों, बिजली और बेरोजगारी के मुद्दे पर किया जा रहा अनिश्चितकालीन अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। अनशन के पांचवें दिन अनशनकारियों की स्थिति बिगड़ती नजर आ रही है। हालांकि 29 मई को देर रात और 30 मई को दोपहर में प्रशासनिक मेडिकल टीम ने अनशनकारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। पांचवें दिन अनशनकारियों को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन सचिव और इंदौर जोन के प्रभारी युवराज सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने किसानों के हक की जो लड़ाई शुरू की है, वह किसानों की कर्ज माफी समेत सभी मांगों के हल होने तक जारी रहेगी और यह लड़ाई हर मोर्चे पर लड़ी जाएगी। हर गांव, हर गली तक आम आदमी पार्टी अपनी आवाज को पहुंचाएगी और किसानों की लड़ाई को सफल बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी आज मंदसौर के शहीद किसानों के जरिये राजनीति कर रही है, लेकिन बीते 14 सालों में कांग्रेस कहीं भी किसानों के साथ खड़ी दिखाई नहीं दी। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की सड़कों पर विपक्ष की असली भूमिका निभाते हुए हर मोर्चे पर किसानों की लड़ाई लड़ी है। अनशन के पांचवें दिन युवा टीम ने विभिन्न जनगीतों और कविताओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश भरा। मंच का संचालन प्रदेश संगठन सचिव हिमांशु कुलश्रेष्ठ ने किया। 

किसानों का भरोसा खो चुकी हैं भाजपा-कांग्रेस: परिणिता राजे

अनशन स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता परिणिता राजे उर्फ बेटी राजा (दतिया) ने कहा कि किसानों की लड़ाई में आम आदमी पार्टी पूरी ताकत से किसानों के साथ खड़ी है और इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। पूरे प्रदेश से पार्टी के अनशनकारियों को समर्थन देने दूर दूर से लोग आ रहे हैं। यह बताता है कि अब आम आदमी पार्टी पर ही किसानों और आम जनता को भरोसा है और भाजपा व कांग्रेस अब किसानों का भरोसा खो चुकी हैं। इन दोनों ही पार्टियों ने लगातार किसानों को ठगा है। पांच दिन के अनशन के बाजवूद इस बहरी सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है, इससे साफ होता है कि इस सरकार को किसानों की कोई सुध नहीं है और वह जैसे-तैसे बस चुनाव जीतने के लिए किसानों को आश्वासन देने की राजनीति कर रही है। बीते 14 साल में किसानों की हालत बद से बदतर हुई है और आज किसान पूरी तरह से खत्म होने के कगार पर है। आम आदमी पार्टी इन हालात में चुप नहीं बैठेगी। 

कई संगठनों का समर्थन मिला

आम आदमी पार्टी के अनिश्चितकालीन अनशन के पांचवें दिन विभिन्न संगठनों की ओर से समर्थन का सिलसिला जारी रहा। इसके अलावा कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। भितरवार (जिला ग्वालियर) की पूर्व जनपद अध्यक्ष शकुंतला बल्ली चौधरी ने अपने समर्थन जनपद सदस्यों समेत पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। 

दिल्ली से आएंगे संजय सिंह और पंकज गुप्ता

आम आदमी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अनशन में 31 मई से शिरकत का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 30 मई की शाम को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता आएंगे। इसके बाद 31 मई को पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह दोपहर में भोपाल में अनशन स्थल पर पहुंचेंगे। इसके अलावा अन्य शीर्ष केंद्रीय नेता भी जल्द ही भोपाल आएंगे। 

By nit