मेहलका अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT;
प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) की उपस्थिति में शिकारपुरा स्थित शासकीय विश्रामगृह में विभिन्न विभागों की वन विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु समन्वय बैठक हुई।
बैठक में पीएचई, जल संसाधन विभाग, महिला बाल विकास, ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, विद्युत, शिक्षा, आदिम जाति कल्याण विकास, आरईएस, राजस्व, वन एवं स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों के जिलाधिकारीगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों के जिलाधिकारियों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने अन्य विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्य में वन विभाग से संबंधित आ रही समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए निराकरण किया।
बैठक में मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने हितग्राहीमूलक योजनाओं और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए कार्य में तेजी लाने व योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ देने हेतु कहा। मंत्री श्रीमती चिटनिस ने बैठक में हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं विकास कार्यों का समीक्षात्मक जायजा लिया और हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश संबंधितों को दिए।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष किशोर पाटिल, मुकेश शाह, रूद्रेश्वर एंडोले सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
