अविनाश द्विवेदी, भिंड (मप्र), NIT;
कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने रबी विपणन मौसम 2018-19 में समर्थन मूल्य पर विगत 10 अप्रैल से चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जन कार्य की विभागीय अधिकारियों की बैठक में एनआईसी सभागार में समीक्षा की।
बैठक में महाप्रबंधक उद्योग श्री अनूप चैबे, उप संचालक कृषि श्री एसपी शर्मा, जिला पंचायत के एसीईओ श्री एसडी शर्मा, परियोजना अधिकारी शहरी विकास श्री आईएस नेगी, जिला संयोजक आजक श्री विवेक नागवंशी, श्रम पदाधिकारी सुश्री मिनी अग्रवाल एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने बैठक में कहा कि किसानों से क्रय की गई फसलों का समय पर भुगतान किया जाये साथ ही चना, मसूर, सरसों एवं गेहूं की खरीदी का कार्य समय सीमा में किया जाये। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंजीकृत किसानों से चना, मसूर एवं सरसो के उपार्जन का कार्य 30 मई 2018 तक पूर्ण करा लिया जाये ताकि समय सीमा में स्कंध का परिवहन, भण्डारण एवं किसानों को भुगतान की कार्यवाही करने में आसानी हो।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों से चना, सरसो, मसूर के उपार्जन हेतु आवश्यक है कि शेष रहे सभी किसानों को आगामी 2 से 3 दिन में 26 मई 2018 तक के एसएमएस उपलब्ध कराए जायें साथ ही जिले में एसएमएस से शेष रहे किसानों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में राज्य शासन को भेजी जाये। उन्होंने कहा कि 26 मई के पश्चात समिति स्तर से किसानों को एसएमएस की सुविधा पोर्टल पर उपलब्ध नहीं रहेगी। इसलिए निर्धारित अवधि में पंजीकृत किसानों से चना, मसूर एवं सरसो का उपार्जन कराना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि गेहूं उपार्जन के अन्तर्गत जिले में स्थापित 38 खरीदी केन्द्रों पर 12885 किसानों का पंजीयन किया गया था। जिनमें से 12880 का सत्यापन किया जा चुका है। शेष 5 किसानों का सत्यापन शीघ्र किया जावे। उन्होंने कहा कि गेहूं विक्रय की कार्यवाही के अन्तर्गत 6940 किसानों से खरीदी की जा चुकी है। यह खरीद 5735.50 मैट्रिक टन की गई है। जिसमें से 48583.15 मैट्रिक टन का परिवहन किया गया है। इसी प्रकार इस व्यवस्था के अन्तर्गत किसानों को 533.94 लाख रूपए की राशि उनके खाते में भुगतान कर दी गई है। भुगतान के लिए शेष रही राशि 3152.72 लाख की कार्यवाही विभागीय अधिकारी समय सीमा में सुनिश्चित करें।
इसी प्रकार सरसो, चना एवं मसूर उपार्जन के अन्तर्गत 9 खरीद केन्द्र की 19 उपार्जन संस्थाओं के माध्यम से सरसो 5250 किसानों से 14337.27 मैट्रिक टन खरीदी की गई है। इसी प्रकार 220 किसानों से 223.47 मैट्रिक टन चना की खरीदी की गई है, साथ ही 116 किसानों से 129.02 मैट्रिक टन मसूर क्रय की गई है। इसी प्रकार से कुल जिले के 5546 किसानों से 14789.76 मैट्रिक टन खरीदी की जा चुकी है।
