पीयूष मिश्रा /अश्वनी मिश्रा की ग्राउंड जीरो से रिपोर्ट
छपारा/ सिवनी (मप्र), NIT;
चमारी रोड मोती नाले से गौड़ी तिन्सा जाने वाले मार्ग पर कई वर्षों पहले से बने हुए पोस्टमार्टम हाउस को कांग्रेस के एक दबंग नेता ने सोमवार मंगलवार की दरमियानी रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन से गिरा दिया। बताया जा रहा है कि वर्षों पुराने इस पोस्टमार्टम हाउस से लगी हुई सैकड़ों एकड़ जमीन इस कांग्रेस नेता तथा इसके परिजनों की है।
उल्लेखनीय है कि कमलनाथ के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनते ही छपारा के इस तथाकथित कांग्रेस नेता और विधायक प्रतिनिधि के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उसने अपने खेत से लगे हुए गौड़ी तिन्सा मार्ग पर वर्षों पहले से बने हुए पोस्टमार्टम हाउस को रातों रात जेसीबी मशीन से तहस-नहस कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरा मामला सैकड़ों एकड़ जमीन पर कब्जा करने के पीछे का खेल है।
ग्राम पंचायत ने दर्ज नहीं कराई एफआईआर
दो दिन बीतने के बाद भी ग्राम पंचायत छपारा के सचिव मानसिंह विश्वकर्मा ने समाचार लिखे जाने तक छपारा थाने में एफआईआर दर्ज नहीं करवाई है। यही नहीं अब तक पंचायत सचिव और सरपंच घटनास्थल पर भी नहीं पहुंचे हैं। लोगों का कहना है कि इस पूरे खेल के पीछे ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव और कांग्रेस नेता तथा विधायक प्रतिनिधि के बीच गुप्त समझौता के चलते ग्राम पंचायत के द्वारा वर्षों पहले बनाए गए इस पोस्टमार्टम हाउस को गिरा दिया गया है और छपारा पंचायत के कर्णधार जान कर भी अनजान बन रहे हैं और थाने में कोई शिकायत दर्ज कराने से बच रहे हैं।
सीमांकन करवाकर होगी सख्त कार्यवाही: तहसीलदार
छपारा नगर के तकिया वार्ड चमारी रोड मोती नाला से गौड़ी तिनसा जाने वाले मार्ग पर वर्षों पहले बनाए गए पोस्टमार्टम हाउस को गिराए जाने के संबंध में जब छपारा तहसीलदार क्षमा श्रॉफ से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त मामला आपके द्वारा ही संज्ञान में लाया गया है मैंने पटवारी को जांच प्रतिवेदन तैयार करने के आदेश दिए हैं। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। तहसीलदार ने बताया कि इस मार्ग और पोस्टमार्टम हाउस से लगी हुई कृषि भूमि के सीमांकन के आदेश भी दिए हैं।
