अविनाश द्विवेदी, भिंड (मप्र), NIT;
भिण्ड जिले में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित जिला अस्पताल में मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में चार-पांच युवक एक युवक की लात घूंसों से पटक पटक कर पिटाई कर रहे हैं। पिटाई भी अस्पताल चौकी के ठीक सामने की जा रही है, लेकिन चौकी के अंदर से कोई भी सिपाही पिटने वाले युवक को बचाने नहीं आया। पिटाई का यह वीडियो अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। बताया जा रहा है कि पिटने वाला युवक 108 एम्बुलेंस का ड्राइवर है जबकि पीटने वाले युवक अस्पताल में पर्चे बनाने वालों के भाई और दोस्त हैं। दो दिन पहले किसी बात को लेकर एम्बुलेंस ड्राइवर और पर्चे बनाने वाले युवकों के बीच झगड़ा हुआ था जिसके बाद शनिवार को पर्चे बनाने वाले युवकों के दोस्त और भाई इकट्ठे खड़े थे तभी 108 एम्बुलेंस का ड्राइवर किसी मरीज को लेकर वहां पहुंचा, जैसे ही उसका ड्राइवर बाहर निकला वहां खड़े युवक उस पर टूट पड़े और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान मरीज एम्बुलेंस में ही तड़पता रहा। लेकिन सबसे बड़ी बात यह रही कि अस्पताल चौकी के ठीक सामने एक युवक बेरहमी से पिटता रहा और कोई भी पुलिसकर्मी उसे बचाने नहीं आया।
