राकेश पाण्डेय/हाशिम अंसारी, सीतापुर (यूपी), NIT;
सीतापुर जिला के हरगांव ब्लाक प्रमुख पद हेतु भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित अधिकृत उम्मीदवार पप्पी गुप्ता पत्नी कृष्ण कुमार गुप्ता निवासी हरगांव ने विकास खण्ड हरगांव कार्यालय पर पूर्व सांसद जनार्दन प्रसाद मिश्र, भारतीय जनता पार्टी के जिला महा मंत्री रमाकान्त मिश्र , भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री उदित बाजपेयी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा अधिकृत प्रत्याशी पप्पी गुप्ता के साथ क्षेत्रीय विधायक सुरेश राही को छोडकर स्थानीय भाजपा की पूरी कमेटी साथ में रही। अधिकृत प्रत्याशी के साथ में क्षेत्रीय विधायक के नहीं होने से अनेकों प्रकार की चर्चाएं हो रही थीं।
वहीं ब्लाक प्रमुख पद हेतु भाजपा से टिकट की मांग कर रहीं माला वर्मा पत्नी कमलेश वर्मा निवासी अमितिया ने टिकट नहीं मिल पाने के कारण पार्टी से नाराज होकर सैकड़ों समर्थकों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ब्लाक प्रमुख पद हेतु अपना नामांकन दाखिल कर दिया। जन चर्चा है कि श्री मती माला वर्मा को क्षेत्रीय विधायक जी का आशीर्वाद प्राप्त है। आपस में मान मनौव्वल का दौर चल रहा है यदि निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन वापस होता है तो पप्पी गुप्ता निर्विरोध ब्लाक प्रमुख का पद अपने कब्जे में कर लेंगी । और यदि निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया तो क्षेत्र के १०५ पंचायत सदस्य ब्लाक प्रमुख के पद का भविष्य तय करेंगे ।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार पाण्डेय ने सुरक्षा की व्यवस्था चाक चौबंद रखी ।
