मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत डुंगरिया में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) की मुख्य जल पाइपलाइन में लीकेज के चलते प्रतिदिन हजारों लीटर पीने का पानी व्यर्थ बह रहा है। पनर जाने वाले मार्ग पर जैन कुएं के पास स्थित शिव मंदिर के सामने WCL की पाइपलाइन के वाल्व से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। इससे न केवल बहुमूल्य पानी बर्बाद हो रहा है, बल्कि पक्की डामर सड़क भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
पानी की बर्बादी के साथ सड़क पर बने खतरनाक गड्ढे
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि WCL द्वारा जब भी जलापूर्ति शुरू की जाती है, वाल्व के पास से पानी तेज बहाव के साथ सड़क पर बहने लगता है। लगातार जलभराव के कारण सड़क की डामर उखड़ गई है और सड़क के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। लीकेज का पानी इन गड्ढों में भर जाता है, जिससे पूरा क्षेत्र कीचड़ और जलभराव की समस्या से जूझ रहा है।
राहगीरों और आम जनता को आवाजाही में परेशानी
यह मार्ग स्थानीय लोगों और राहगीरों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क पर गड्ढे और पानी भरा होने के कारण पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में पानी भरा होने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालकों के गिरने और दुर्घटनाएं होने का खतरा बना रहता है।
WCL प्रबंधन से तत्काल सुधार की मांग
जुन्नारदेव क्षेत्र के निवासियों और स्थानीय ग्रामीणों में WCL की इस समस्या के प्रति उदासीनता को लेकर गहरा असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर जल संरक्षण के संदेश दिए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर WCL की पाइपलाइन में लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने WCL प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि पाइपलाइन के लीकेज को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और राहगीरों को परेशानी से राहत मिल सके।

