निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक खुनियांव के सभागार में विशेष जनभागीदारी अभियान ‘मेरे सपनों का भारत–सेवा सेतु अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं निवर्तमान विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

डॉ. सतीश द्विवेदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने क्षेत्र की जनता से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

डॉ. द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति सहित विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और धार्मिक पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को गरीबों और किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के माध्यम से स्थानीय उद्योगों और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी खुनियांव राकेश शुक्ला, एडीओ पंचायत राकेश पाठक, मंडल अध्यक्ष राजेश पाण्डेय, मंडल महामंत्री सुनील पाण्डेय, शिवा गौतम, वरिष्ठ नेतागण जनार्दन तिवारी, महेश प्रसाद, हरिनारायण उपाध्याय और राजन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

