हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल रहे चौधरी शहाबुद्दीन 35वीं पुण्यतिथि पर किए गए याद | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल रहे चौधरी शहाबुद्दीन 35वीं पुण्यतिथि पर किए गए याद | New India Times

समाज के उत्थान और मानवता की सेवा में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले स्वर्गीय चौधरी शहाबुद्दीन जी की 35वीं पुण्यतिथि पर इस्लामिया इंटर कॉलेज, मथुरा में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में चौधरी शहाबुद्दीन जी द्वारा किए गए जनसेवा के कार्यों एवं उनके सिद्धांतों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर नगर के विभिन्न समुदायों के गणमान्य एवं सम्मानित लोगों ने उपस्थित होकर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी शहाबुद्दीन जी ने अपना पूरा जीवन समाज और जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम सहित सभी समुदायों के लोगों के साथ बिना किसी भेदभाव के कार्य किया और समाज में आपसी भाईचारे एवं सद्भावना को बढ़ावा दिया। समाज और क्षेत्र के विकास के लिए उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्य, जनसेवा के प्रति उनका समर्पण एवं समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

चौधरी शहाबुद्दीन जी दो बार नगर पालिका के सदस्य रहे। पहली बार वर्ष 1954 में और दूसरी बार वर्ष 1971 में उन्होंने नगर पालिका सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 1977 में वे मथुरा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने। वर्ष 1978 में उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के साथ मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और प्रभावित लोगों की समस्याओं को समझते हुए उनकी सहायता के लिए कार्य किया।

वक्ताओं ने उनके सेवाभावी जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि चौधरी शहाबुद्दीन जी ने हमेशा जरूरतमंदों की मदद की। उनके पिता चौधरी महबूब साहब भी जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए सदैव तत्पर रहते थे। परिवार के संस्कारों का प्रभाव चौधरी शहाबुद्दीन जी के जीवन में भी दिखाई दिया। उनके त्याग, सेवा और सद्भावना का मार्ग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

गोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि चौधरी शहाबुद्दीन जी द्वारा दिखाए गए त्याग, सेवा और सद्भावना के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में शहर के विभिन्न समुदायों के लोगों ने शिरकत की। उपस्थित प्रमुख लोगों में पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर उपाध्याय ‘बिट्टू भैया’, मलिक अरोड़ा, यतेंद्र मुकद्दम, बसंत किशोर पाठक, सुभाष पाल, यामिनी रमण आचार्य, डॉ. अशोक अग्रवाल, अशोक चक्रेश्वर, डॉ. रमाशंकर पांडेय, डॉ. सईद अहमद सईद, अशोक चतुर्वेदी, प्रिंसिपल साजिद इकबाल, इमरान खान, वृषभान गोस्वामी, मास्टर प्रताप सिंह, राम गोपाल शर्मा, मुन्ना मलिक पार्षद, मास्टर शहाबुद्दीन और शाहिद कमरे वाले सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक हुकुम चंद तिवारी ने की, जबकि संचालन शिवदत्त चतुर्वेदी ने किया। चौधरी शहाबुद्दीन जी के सुपुत्र एवं पूर्व सभासद, नगर पालिका परिषद मथुरा, चौधरी सईद ने उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। वहीं, इस्लामिया इंटर कॉलेज मथुरा के अध्यक्ष चौधरी सईद ने अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्वर्गीय चौधरी शहाबुद्दीन जी का सेवाभावी जीवन, सामाजिक समरसता और मानवता के प्रति उनका समर्पण सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.