पांढुर्णा में आवारा कुत्तों का आतंक: मय्यत में आए 3 वर्षीय मासूम पर हमला, कई लोग हो चुके हैं शिकार | New India Times

मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:

जिले में आवारा और आक्रामक कुत्तों के बढ़ते आतंक से आमजन परेशान हैं। प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही के चलते अब मासूम बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला पांढुर्णा का है, जहां सिवनी से मय्यत में शामिल होने आए 3 वर्षीय मासूम बच्चे को आवारा कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। घायल बच्चे की पहचान उमैर (3 वर्ष), पिता मोहम्मद इरफान, निवासी सिवनी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया।

मय्यत के दौरान मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, सिवनी निवासी मोहम्मद इरफान अपने परिवार के साथ मय्यत में शामिल होने पांढुर्णा पहुंचे थे। इसी दौरान वहां घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने अचानक 3 वर्षीय उमैर पर हमला कर दिया और उसे काटकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को खदेड़कर बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया।

कई लोग हो चुके हैं शिकार, खौफ में स्थानीय लोग

स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के चलते राहगीरों, महिलाओं और खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। आए दिन लोगों के घायल होने की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है।

नगर पालिका और प्रशासन से कार्रवाई की मांग

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद आवारा कुत्तों की रोकथाम और धरपकड़ को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। रहवासियों और पीड़ित परिजनों ने नगर पालिका एवं प्रशासन से आवारा कुत्तों की धरपकड़ के लिए तत्काल अभियान चलाने तथा प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.