मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव से लगी ग्राम पंचायत दातला में विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे दावों की हकीकत सामने आई है। पंचायत के वार्ड क्रमांक 10 में सड़क लंबे समय से बदहाल और जर्जर स्थिति में है, जिसके चलते स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से मार्ग तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल आवागमन भी मुश्किल हो जाता है।
चुनाव के समय किए गए वादे कागजों तक सीमित
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने गांव में सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद इन वादों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि धरातल पर स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है और उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
जलभराव और गड्ढों से हादसे का खतरा
सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान पानी भर जाने से गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई वाहन चालक यहां फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द सुधार की मांग
सड़क की लगातार अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने पंचायत और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द सड़क की मरम्मत एवं जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की समस्या सामने आने के बाद प्रशासन और पंचायत स्तर पर इस बदहाल सड़क की सुध ली जाती है या फिर रहवासी इसी तरह परेशानियों के बीच आवागमन करने को मजबूर रहेंगे।

