मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ दमुआ पुलिस ने मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक व्यापक कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया।
ढाबों पर चेकिंग, 4 प्रकरण दर्ज
मंगलवार को दमुआ पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न ढाबों पर अचानक चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध रूप से शराब का विक्रय और सेवन पाए जाने पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कुल 4 प्रकरण दर्ज किए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबा संचालकों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में उनके परिसरों में अवैध गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ढाबों पर शराब का सेवन कर रहे लोगों को भी समझाइश दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में 4 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट
शहरी क्षेत्र के साथ-साथ पुलिस ने ग्रामीण इलाकों में भी अवैध शराब निर्माण के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके पर मिला करीब 4 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट किया। कार्रवाई के बाद अवैध शराब बनाने वालों में खलबली मच गई।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और विक्रय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध स्थानों, ढाबों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिरसाम सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

