कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन | New India Times

शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन | New India Times

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने सभी विभागों में कर्मचारियों के सेवा अभिलेख दुरुस्त कराने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
ज्ञापन में सभी विभागों के कर्मचारियों की जीपीएफ/एनपीएस पासबुक और सेवा पुस्तिका तत्काल अद्यतन कराने की मांग की गई। साथ ही मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज गलत प्रविष्टियों को सेवा पुस्तिका के अभिलेखों के आधार पर संशोधित कराने तथा एनपीएस कर्मचारियों से फार्म एस-2 भरवाकर उनके PRAN कार्ड में दर्ज सभी विवरण सही कराने की मांग उठाई गई।
परिषद ने संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समय से मानदेय उपलब्ध कराने की भी मांग की। इसके अलावा विभिन्न विभागों में लंबे समय से लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों की समीक्षा कर शीघ्र भुगतान कराने का आग्रह किया गया। पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मचारियों, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के फील्ड कर्मचारियों सहित अन्य विभागों के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने की मांग की गई। गंभीर बीमारी और दुर्घटना से जुड़े मामलों में विशेष प्राथमिकता तथा अनावश्यक देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने की बात भी ज्ञापन में कही गई।
परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव और महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने कहा कि सेवा अभिलेखों में त्रुटियां, एनपीएस व मानव संपदा पोर्टल की गलत प्रविष्टियां और चिकित्सा प्रतिपूर्ति में देरी कर्मचारियों के हितों को सीधे प्रभावित करती हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर विभागवार समीक्षा और समय-सीमा तय कराने की मांग की।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानसूचक पदनाम देने की मांग
परिषद ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय विभाग के अगले उच्च पद का सम्मानसूचक पदनाम दिए जाने के लिए नीति बनाने की मांग भी की है। परिषद के अनुसार यह पदनाम केवल सम्मान और सामाजिक गरिमा के लिए हो तथा इससे कोई अतिरिक्त वित्तीय लाभ, पदोन्नति या पेंशन संबंधी दावा न जुड़े। इससे सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बिना लंबे समय तक सेवा करने वाले कर्मचारियों के आत्मसम्मान को सम्मान दिया जा सकेगा।
इस अवसर पर रूपेश कुमार श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, मदन मुरारी शुक्ल, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, अनिल द्विवेदी, अनूप कुमार, सौरभ श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, सुभाष पांडेय, रामधनी पासवान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.