अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में न्यू इंडिया टाइम्स के पत्रकार के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच की जिम्मेदारी जांच अधिकारी बाबू जी माथुर को सौंपी गई है।


पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, फरियादी मोहम्मद मुकीज खान (35) ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ नारियल खेड़ा क्षेत्र में रहता है और न्यू इंडिया टाइम्स में रिपोर्टर है। शिकायत के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी भाभी घर में गोदरेज की दराज में रखे अपने सोने-चांदी के आभूषणों में से कुछ आभूषण पहनकर घर से बाहर गई थीं। उस दौरान घर का मुख्य दरवाजा खुला रह गया था और गोदरेज में चाबी लगी हुई थी।
शिकायत में बताया गया कि देर रात परिवार के सदस्य घर लौटे और खाना खाने के बाद सो गए। अगले दिन 7 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे भाभी ने अपने आभूषण गोदरेज में रखने के लिए दराज खोली तो उसमें रखे अन्य जेवर गायब मिले।
फरियादी के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने के दो हार, पेंडल सहित एक सोने की चेन, तीन सोने के पेंडल, दो सोने की नोज पिन, सोने की सुई-धागा, पांच सोने की अंगूठियां, इसके अलावा चांदी के छड़े/पायल तथा बच्चे के चांदी के कड़े शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने आसपास और घर के लोगों से पूछताछ की, लेकिन जेवरों का कोई पता नहीं चला।
फरियादी ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में प्रवेश कर गोदरेज से जेवर चोरी किए हैं। मामले में गौतम नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 305(a) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब पुलिस चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति कौन था।

