मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खापा स्वामी की खापा बस्ती में आवारा मवेशियों के आतंक ने तीन किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। रात के समय मवेशियों के एक झुंड ने खेत में घुसकर लगभग एक एकड़ में खड़ी मक्के की फसल को बुरी तरह नष्ट कर दिया।
भारी बारिश के बीच रात में हुई घटना
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे की है। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान दर्जनों आवारा मवेशियों का झुंड खेत में घुस गया। मवेशियों ने कुछ ही घंटों में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में लगी मक्के की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। आसपास के लोगों और खेत मालिकों को जब घटना की जानकारी हुई और वे मवेशियों को भगाने के लिए पहुंचे, तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
भुट्टे निकलने की कगार पर थी फसल
पीड़ित किसानों ने बताया कि मक्के की फसल में भुट्टे निकलना शुरू हो गए थे और कुछ ही दिनों में फसल तैयार होने की उम्मीद थी। किसानों ने कर्ज और उधारी लेकर खाद-बीज की व्यवस्था की थी तथा कड़ी मेहनत से फसल तैयार की थी। लेकिन आवारा मवेशियों के झुंड ने कुछ ही घंटों में पूरी फसल को बर्बाद कर दिया। अचानक हुए इस नुकसान से किसानों को हजारों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
गौशाला या सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग
क्षेत्र में आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर किसानों में रोष और निराशा है। पीड़ित किसानों एवं खापा बस्ती के ग्रामीणों ने शासन और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि आवारा मवेशियों को तत्काल पकड़कर नजदीकी गौशालाओं या अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में अन्य किसानों की फसल भी इसी तरह बर्बाद हो सकती है।

