अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के इतवारा चौराहे के समीप एक विद्युत ट्रांसफार्मर लंबे समय से बेहद तिरछी हालत में खड़ा है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ट्रांसफार्मर की जर्जर और झुकी हुई स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह ट्रांसफार्मर काफी समय से इसी तरह एक ओर झुका हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक इसे दुरुस्त कराने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर लगा है, वहां से दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में इसके गिरने या किसी विद्युत दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
बारिश के मौसम में खतरा और भी बढ़ जाता है। ट्रांसफार्मर में खराबी या करंट फैलने की स्थिति में राहगीरों और आसपास के लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग की ओर से इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि तिरछे खड़े ट्रांसफार्मर को तत्काल सुरक्षित तरीके से ठीक कर सीधा किया जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।
अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग समय रहते कार्रवाई करेगा या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही उसकी नींद खुलेगी।

