अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी नगर पंचायत में जनपद स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में गांधी आदर्श इंटर कॉलेज, बढ़नी की टीम विजेता रही, जबकि जागृति स्पोर्टिंग क्लब, बढ़नी की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों की खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान नेपाली नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल प्रदान कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट उपलब्धियों के माध्यम से बेटियों ने सिद्धार्थनगर जिले को गौरवान्वित किया है। जिले की खेल प्रतिभाओं ने सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रशंसनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। खिलाड़ी बेटियों की प्रतिभा ने ग्रामीण अंचल का नाम रोशन किया है।
मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सदैव खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है। समाजवादी सरकार के कार्यकाल में खिलाड़ियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण नीतियों का क्रियान्वयन किया गया था।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहिम बाबा एवं गांधी आदर्श इंटर कॉलेज के स्पोर्ट्स टीचर शंभूनाथ गुप्ता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली खिलाड़ियों में नेशनल स्तर की खिलाड़ी सोनी पासवान, गायत्री, सुमन गौड़ और अंशिका सोनी तथा राज्य स्तरीय खिलाड़ी किरन, खुशी, माही, दिव्या, सावित्री, शशि पाण्डेय, शिखा, आंचल और अर्चना शामिल रहीं।
कार्यक्रम में शकील शाह, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, हरिनाथ यादव, प्रदेश सचिव पिछड़ा प्रकोष्ठ, जावेद खान, प्रदेश सचिव यूथ ब्रिगेड, वरिष्ठ सोशल एक्टिविस्ट मसूद खान, फैज़ान आलम, सूरज चौरसिया, प्रकाश साहनी, अफसर सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

