मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
राष्ट्रीय साहू तेली महासंगठन, दिल्ली का राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 6 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश की धार्मिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक नगरी उज्जैन में आयोजित होने जा रहा है। अधिवेशन की तैयारियों एवं समाजजनों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुरहानपुर जिला अध्यक्ष राजेश साहू के नेतृत्व में अरवाचीन स्कूल के पास स्थित उनके निवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि तेली समाज का इतिहास देश की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ है। दानवीर भामाशाह, मां कर्मा देवी और संताजी जगनाडे महाराज जैसे महापुरुषों एवं संतों ने समाज को सेवा, त्याग, समर्पण और सामाजिक चेतना की प्रेरणा दी है। तेली समाज ने सदियों से देश की आर्थिक एवं सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान पर गर्व करने के साथ-साथ वर्तमान समय में समाज के मध्यमवर्गीय एवं गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भी गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। समाज के विकास के लिए केवल संगठनात्मक मजबूती ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार, आर्थिक आत्मनिर्भरता और राजनीतिक भागीदारी जैसे विषयों पर व्यापक चिंतन के साथ ठोस कार्ययोजना बनाना भी जरूरी है।
बैठक में कहा गया कि राष्ट्रीय साहू तेली महासंगठन, दिल्ली द्वारा देशभर में संयुक्त तेली समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय अधिवेशन में समाज की विभिन्न धाराओं से जुड़े साहू, राठौर, तिलवन, घांची, मोदी, गुजराती मोड़ तथा अन्य क्षेत्रों के तेली समाज के लोगों को एक मंच पर लाने और समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन में बुरहानपुर जिले से अधिकाधिक समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने, संगठन को गांव-गांव और शहर-शहर तक मजबूत बनाने तथा समाज के युवाओं को संगठन एवं सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में संरक्षक गोपाल साहू, सचिव दिलीप साहू, उपाध्यक्ष राजू साहू, उपाध्यक्ष संजय साहू, युवा कार्यकारिणी अध्यक्ष विजय राठौर, मनोज लक्कड़वाला, युवा नेता पवन साहू, कोषाध्यक्ष संतोष साहू, मीडिया प्रभारी मुकेश साहू, संगठन मंत्री शैलेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य संदेश रहा कि गौरवशाली इतिहास समाज की पहचान है, लेकिन शिक्षा, रोजगार, आर्थिक मजबूती और राजनीतिक भागीदारी के माध्यम से समाज का भविष्य संवारना और मजबूत बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

