भूमि विवाद में मारपीट और फायरिंग के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, बंदूक-तमंचा व कारतूस बरामद | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम मकरन्दापुर में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक, कारतूस और अवैध तमंचा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को मकरन्दापुर निवासी सुरेंद्र सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विवादित भूमि की खुदाई का विरोध करने पर उनके पुत्र आदेश सिंह के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। मामले में खुदागंज थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

इसी क्रम में 27 अगस्त की सुबह करीब 4:40 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मकरन्दापुर गांव के बाहर स्थित शिव मंदिर के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामलडैते सिंह पुत्र जयपाल सिंह, निवासी ग्राम मकरन्दापुर, थाना खुदागंज, उम्र करीब 45 वर्ष; जगपाल सिंह उर्फ पप्पू सिंह पुत्र जयपाल सिंह, निवासी ग्राम मकरन्दापुर, थाना खुदागंज, उम्र करीब 48 वर्ष; गिरीश पाल सिंह पुत्र हरिचन्द्र सिंह, निवासी ग्राम नगला मधा, थाना कटरा, उम्र करीब 70 वर्ष; तथा रामप्रकाश उर्फ बाबा सिंह पुत्र गिरीश पाल सिंह, निवासी ग्राम नगला मधा, थाना कटरा, उम्र करीब 38 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक लाइसेंसी 12 बोर डबल बैरल बंदूक, दो जिंदा 12 बोर कारतूस, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार, बरामदगी और आरोपियों के बयानों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक घनश्याम बहादुर, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार नादर, उपनिरीक्षक दिनेशचन्द्र आदि शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.