अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव एवं नवगछिया अनुमंडल के निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारियों के स्थानांतरण के अवसर पर समीक्षा भवन में विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस दौरान कहलगांव के निवर्तमान एसडीओ कृष्ण चंद्र गुप्ता एवं नवगछिया के निवर्तमान एसडीओ रोहित कर्दम को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

कृष्ण चंद्र गुप्ता ने कहलगांव अनुमंडल में अपने कार्यकाल के दौरान विधि-व्यवस्था, जनसमस्याओं के समाधान तथा प्रशासनिक समन्वय को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानांतरण के बाद उन्हें मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में निबंधन महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, रोहित कर्दम ने नवगछिया एसडीओ के रूप में बाढ़, कटाव, कानून-व्यवस्था तथा आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानांतरण के बाद उन्हें कैमूर जिला परिषद के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी का दायित्व दिया गया है।
समारोह में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मियों एवं गणमान्य लोगों ने दोनों अधिकारियों के साथ अपने कार्य अनुभव साझा किए और उनके कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि दोनों अधिकारियों के कार्यकाल में प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ।
इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के पदाधिकारी, कर्मी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि कहलगांव के निवर्तमान एसडीओ कृष्ण चंद्र गुप्ता के सम्मान में इससे पूर्व कहलगांव में भी विभिन्न संस्थाओं, अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों की ओर से विदाई-सह-सम्मान समारोह आयोजित किए गए। लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

