अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
6 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि कहलगांव शहर के गंगा नगर स्थित एक घर में चोरी की घटना हुई है। मामले को लेकर घर की एक महिला ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर लगातार छापेमारी शुरू की।
जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की घटना में शामिल अपराधकर्मी कहलगांव थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कहलगांव थाना क्षेत्र के सहनी टोला से राजा सहनी को उस समय हिरासत में लिया, जब वह चोरी किए गए पैसों से अपने घर की ढलाई का काम करा रहा था। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।
राजा सहनी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले सोनार मनीष कुमार को कहलगांव के पूर्वी टोला स्थित उसकी दुकान से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी दुकान से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए।
पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इस घटना में शामिल एक अन्य अपराधकर्मी ने चोरी किए गए पैसों से आईफोन भी खरीदा है। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बरामद सामान
- सोने की अंगूठी – 2 पीस
- सोने के लॉकेट – 5 पीस
- सोने के बेसर – 7 पीस
- सोने का मंगलसूत्र – 1 पीस
- चांदी के गिलास – 2 पीस
- चांदी के कटोरे – 3 पीस
- चांदी का बिस्किट – 1 पीस
- चांदी की पायल – 11 पीस
- चांदी की कजरौटी – 1 पीस
- चांदी की बिछिया – 11 पीस
- चांदी की कमरधनी – 1 पीस
- चांदी की अंगूठी – 2 पीस
- चांदी के चम्मच – 4 पीस
- चांदी के सिक्के – 3 पीस
- नकद – 22,500 रुपये
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजा सहनी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, डकैती सहित अन्य कई मामले मुंगेर में दर्ज हैं। वह मूल रूप से मुंगेर का रहने वाला है और वर्तमान में कहलगांव शहर के सहनी टोला में रह रहा था।
छापेमारी दल
छापेमारी दल में कहलगांव थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सूरज कुमार सिंह, संतोष कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

