मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेई एवं क्षेत्राधिकारी सदर के साथ थाना कोतवाली व थाना कांट क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए विभिन्न पुलिस प्वाइंट, ड्यूटी प्वाइंट एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था, कांवड़ियों की आवाजाही, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरे रूट पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए।
एसपी ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, जाम व अनावश्यक भीड़ की स्थिति से बचने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं की निगरानी करने और सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
शाहजहांपुर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

