अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश बौद्ध प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ ने डुमरियागंज क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित समारोहों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने ध्वजारोहण कर छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश में आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं नफरत के खिलाफ एकजुटता का संकल्प दिलाया।
इमरान लतीफ ने जामिया इस्लाहुल बनात निस्वां कॉलेज वासा दरगाह, मदरसा अरबिया गौसुल उलूम अहले सुन्नत बदरुल उलूम जमौती, मदरसा सकीना अहले सुन्नत तथा जीएन हेरिटेज स्कूल टंडवा में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की आजादी किसी एक धर्म, जाति या समुदाय की देन नहीं, बल्कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित देश के सभी नागरिकों की साझा कुर्बानियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश को नफरत की आग से बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और हमें आपसी प्रेम, इंसाफ, संविधान तथा भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में मुस्लिम समाज की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर 1947 तक अनेक मुस्लिम उलेमा, स्वतंत्रता सेनानियों और आम लोगों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। मौलाना अबुल कलाम आजाद, अशफाक उल्लाह खां, खान अब्दुल गफ्फार खां, हसरत मोहानी, मौलाना हुसैन अहमद मदनी और बेगम हजरत महल सहित अनेक लोगों ने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इमरान लतीफ ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को ऐसा इतिहास पढ़ाया जाना चाहिए, जिसमें किसी भी समुदाय की कुर्बानियों को कमतर न आंका जाए। आजादी की रक्षा और देश की तरक्की सभी भारतीयों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने तथा समाज में आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश फैलाने की अपील की। कार्यक्रमों में विद्यालय एवं मदरसा प्रबंधन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

