मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से गत 7 अगस्त को छिंदवाड़ा जिले से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 की प्रदेश में शुरुआत की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार अभियान की मंशा के अनुरूप शुक्रवार, 14 अगस्त को जिले के सभी अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम के साथ जनपद पंचायत तामिया की ग्राम पंचायत छिंदी पहुंचे। कलेक्टर श्री नारायन ने छिंदी में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जनसुविधाओं, व्यवस्थाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थाओं के दैनिक संचालन, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा अभिलेखों के संधारण के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान जहां कहीं कमियां मिलीं, वहां लापरवाही बरतने वालों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए, जबकि जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की गई।
आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं, बच्चों से किया सहज संवाद
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्र बड्डाढाना, छिंदी पहुंचे। उन्होंने बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं, पोषण आहार की उपलब्धता, उपस्थिति, साफ-सफाई तथा केंद्र के संचालन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। टीएचआर में दाल निर्धारित अनुपात में नहीं पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और एसएचजी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। केंद्र में एलईडी टीवी होने के बावजूद उसका रिमोट उपलब्ध नहीं होने और बच्चों के लिए उसका उपयोग नहीं किए जाने पर सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाएं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी और सीडीपीओ को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने आंगनबाड़ी केंद्र के छोटे बच्चों से सहज संवाद किया और उनसे रुचिकर प्रश्न पूछे, जिनके उत्तर बच्चों ने उत्साह के साथ दिए। उन्होंने बच्चों से प्रश्न पूछकर उनके अक्षर ज्ञान का आकलन भी किया। कलेक्टर ने एक जन्मजात दिव्यांग बच्ची के उपचार के लिए आरबीएसके टीम से फॉलोअप करते हुए चिकित्सक की सलाह के अनुसार आवश्यक सर्जरी समय पर कराने के निर्देश दिए।
सहकारी समिति और उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण
कलेक्टर श्री नारायन ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति छिंदी तथा उचित मूल्य दुकान छिंदी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न के भंडारण, वितरण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर तथा हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इसी प्रकार उन्होंने खाद वितरण की भी जानकारी प्राप्त की और कृषकों को खाद का सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान भवन के सामने समुचित लेवलिंग नहीं होने और कीचड़ पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की तथा तत्काल गिट्टी डालकर लेवलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को भी यथाशीघ्र व्यवस्थित करने के लिए सख्त निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिंदी का निरीक्षण, संतोषजनक व्यवस्थाओं पर जताई प्रसन्नता
कलेक्टर श्री नारायन ने आयुष्मान आरोग्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिंदी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा स्वास्थ्य केंद्र के संचालन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक और सीईओ जिला पंचायत के साथ रजिस्ट्रेशन रूम, ओपीडी, स्टोर रूम, कोल्ड चेन रूम, मरीजों के लिए बैठक व्यवस्था, प्रसव कक्ष, जनरल वार्ड और किचन आदि का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान केंद्र की स्वच्छता और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की और इन्हें इसी तरह बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनजातीय कन्या आश्रम में व्यवस्थाओं का निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर श्री नारायन ने जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित माध्यमिक शाला कन्या आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में छात्राओं के रहने, भोजन, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति देखी। कलेक्टर ने छात्रावास प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
खंड स्तरीय शिविर में वन-टू-वन सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री नारायन सभी अधिकारियों के साथ छिंदी में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं। इस दौरान क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की गई। शिविर में छिंदी, चोपना, चोराडोंगरी और बिजोरी पठार ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।
शिविर में ग्राम खापाखुर्द की पुलिया की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की सुनवाई के दौरान लापरवाही सामने आने पर मनरेगा उपयंत्री को निलंबन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा सहायक यंत्री के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव संभागीय अधिकारी को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
जाति सुधार संबंधी एक आवेदन का निराकरण 192 दिन बाद किए जाने की शिकायत पर सहायक प्रबंधक, ई-गवर्नेंस को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों एवं क्षेत्र में महिला चिकित्सक की कमी की समस्या सामने आने पर प्रभारी सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सक किस दिन केंद्र में उपस्थित रहेंगे, इसकी जानकारी केंद्र के बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए निर्देशित किया।
इसी तरह उन्होंने अन्य समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्परता से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर कार्रवाई, अच्छे कार्य की सराहना
निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाओं में कमियां अथवा लापरवाही सामने आई, वहां कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए तथा लापरवाही के मामलों में नोटिस जारी करने की कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि शासकीय संस्थाएं आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इनके संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं, जिन संस्थाओं में व्यवस्थाएं बेहतर पाई गईं और अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते मिले, कलेक्टर श्री नारायन ने उनके कार्य की सराहना की और इसी तरह बेहतर कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री राजनंदिनी सिंह, सीईओ जनपद पंचायत तामिया सुश्री वर्षा झारिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जुन्नारदेव अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी, तामिया जनपद के खंड स्तरीय अधिकारी और स्थानीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
हर शुक्रवार मैदानी स्तर पर होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को नागरिकों के और अधिक करीब ले जाना तथा सरकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर शासकीय संस्थाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे।

