ओमप्रकाश सोनी, अनूपपुर, (मप्र), NIT:

विद्युत नगरी चचाई में 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ, चचाई के तत्वावधान में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वाहन रैली से हुई। रैली के समापन के पश्चात चचाई स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में परंपरानुसार प्रकृति पूजा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, भाषा एवं कला के संरक्षण तथा जनजातीय समुदायों के अधिकारों और विकास के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ताप विद्युत गृह के कार्यपालक निदेशक तनवीर अहमद तथा विशिष्ट अतिथि रमेश कुमार सिंह, पूर्व अपर कलेक्टर, डी.आर. बांधव, अध्यक्ष अजाक्स, देवेंद्र निराला एवं राकेश उइके, टीआई रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा एवं अन्य जनजातीय महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि आदिवासी समाज देश की सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जनजातीय समुदायों की परंपराओं, लोक कला, लोकगीत, लोकनृत्य एवं संस्कृति को संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा आदिवासी लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों सहित बड़ी संख्या में समाज के नागरिक, कर्मचारी, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संघ के अध्यक्ष सुनील कोरी ने जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प दिलाया और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

