पोलियो खुराक के बाद 3 साल की बच्ची की बिगड़ी हालत, हाथ-पैर अकड़ने का आरोप; जांच शुरू | New India TimesOplus_131072

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

सागर जिले के शाहपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गिरवर से एक गंभीर मामला सामने आया है। पल्स पोलियो अभियान के दौरान दवा पिलाए जाने के बाद तीन वर्षीय मासूम बच्ची की तबीयत बिगड़ने का आरोप परिजनों ने लगाया है। बच्ची के पिता के अनुसार दवा पिलाने के कुछ समय बाद ही उसे तेज बुखार आया, मुंह से लगातार लार आने लगी और उसके हाथ-पैर अकड़ गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम गिरवर निवासी हरि नारायण अग्निहोत्री 29 जून को अपनी बेटी को आंगनवाड़ी केंद्र लेकर गए थे, जहां उसे पल्स पोलियो की खुराक दी गई।

पिता का आरोप है कि इसके तुरंत बाद बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई। पहले तेज बुखार आया, फिर अत्यधिक लार आने लगी और उसके हाथ-पैर अकड़ने लगे।
बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर बच्ची को भोपाल स्थित एम्स रेफर किया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है।
परिजनों का दावा है कि एम्स भोपाल में चिकित्सकों ने इसे दवा के संभावित रिएक्शन से जुड़ा मामला बताया है, हालांकि अस्पताल की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया ने बताया कि शाहपुर के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि बच्ची की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण क्या है और क्या इसका संबंध पोलियो खुराक से है।
फिलहाल बच्ची का उपचार एम्स भोपाल में जारी है, जबकि स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.