663 परिषदीय विद्यालयों को मिले 14,060 डेस्क-बेंच, 101 'लाडली वन' अभियान का हुआ शुभारंभ | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

663 परिषदीय विद्यालयों को मिले 14,060 डेस्क-बेंच, 101 'लाडली वन' अभियान का हुआ शुभारंभ | New India Times

पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए डेस्क-बेंच वितरण एवं वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत 101 ‘लाडली वन’ (मियावाकी पद्धति) की स्थापना का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के तहत 663 असंतृप्त परिषदीय विद्यालयों में 14,060 डेस्क-बेंच उपलब्ध कराकर शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण किया गया, जिससे 57,328 विद्यार्थियों को लाभ मिला। कार्यक्रम का आयोजन “सपनों की नई उड़ान, स्कूलों का नया सवेरा” तथा “आओ लौटाएं ब्रज की हरियाली” अभियान के अंतर्गत किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती हेमा मालिनी तथा विशिष्ट अतिथि बल्देव विधायक पूरन प्रकाश एवं मांट विधायक राजेश चौधरी रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने कहा कि यह पहल केवल बच्चों को डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समान और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के प्रभावी नेतृत्व, सतत प्रयासों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप 663 विद्यालय डेस्क-बेंच से पूर्णतः संतृप्त हो गए हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि 101 ‘लाडली वन’ पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा ब्रज क्षेत्र को हरित बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में पंचायती राज विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा 101 ग्राम पंचायतों में मियावाकी पद्धति से विकसित किए गए ‘लाडली वन’ पर आधारित वीडियो का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने 101 ‘लाडली वन’ की स्थापना के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आगामी समय में जनपद की 495 ग्राम पंचायतों में भी ‘लाडली वन’ विकसित किए जाएंगे। उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वृक्ष लगाओ” का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर “आओ लौटाएं ब्रज की हरियाली” अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. अमरेश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.