मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में बुधवार को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से जुड़े 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश को निरस्त करने, विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा, देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
सैकड़ों की संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान के पास एकत्रित हुए। इसके बाद सभी भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत पांडे को सौंपा गया।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से संबंधित 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य और उनकी शिक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई में विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पेपर लीक की लगातार सामने आ रही घटनाओं से युवाओं का भविष्य संकट में है। जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं की आवाज को लाठी के बल पर नहीं दबाया जा सकता। समाजवादी पार्टी शिक्षा, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।
पूर्व एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे संस्थान को नुकसान पहुंचाना शिक्षा के हित में नहीं है।
पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्र-छात्राओं का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और शिक्षा तथा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
प्रदर्शन में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप, महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवर उल्ला खान, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्लाह सिद्दीकी, प्रदेश सचिव रामसूरत यादव, विजय सिंह, सैयद रिजवान अहमद, विशेष आमंत्रित सदस्य नीरज मिश्रा, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल, जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि शाहनवाज सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।

