मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था, सड़क हादसे में नवविवाहिता की मौत; पति गंभीर रूप से घायल | New India Times

अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर जिले में तेज़ रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक नवविवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर मदरिया पावर हाउस के समीप की है, जहां एक तेज़ रफ्तार हाईवा ट्रक ने बाइक सवार नव दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 20 वर्षीय रोशनी देवी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था, सड़क हादसे में नवविवाहिता की मौत; पति गंभीर रूप से घायल | New India Times

मृतका की पहचान मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह निवासी रोशनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपति बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के चुटिया बेलारी गांव से बाइक पर सवार होकर मुंगेर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। आरोप है कि पुलिस-प्रशासन के देर से पहुंचने के कारण लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
घायल पति ने बताया कि उनकी शादी इसी माह 2 जुलाई को हुई थी और दोनों बेहद खुश थे, लेकिन इस हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। “हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था कि ऐसा दर्दनाक हादसा हो गया,” कहते हुए वह फूट-फूटकर रो पड़ा।
हादसे के बाद हाईवा ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.